धरती के पास आ रहा है एक बड़ा पथरीला एस्‍ट्रायड, जानें इससे कितना खतरा

नई दिल्‍ली। ब्रह्मांड पर नजर रखने वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है। इसकी बड़ी वजह है कि आज (मंगलवार, 18 जनवरी 2022) को एक बड़ा पथरीला एस्‍ट्रायड (क्षुद्रग्रह) धरती के पास से गुजरने वाला है। हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि ये एस्‍ट्रायड धरती को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित गुजर जाएगा। इसलिए इससे धरती को कोई खतरा भी नहीं है। इसके बावजूद वैज्ञानिकों ने इसको खतरनाक एस्‍ट्रायड की श्रेणी में रखा है। इसकी वजह है कि ये धरती के काफी पास से गुजरने वाला है। आपको बता दें कि धरती के पास से गुजरने वाला ये एस्‍ट्रायड आकार में अमेरिका की एंपायर स्‍टेट बिल्डिंग से भी करीब 21 गुना बड़ा है। इस एस्‍ट्रायड को वैज्ञानिकों ने 7482 1994 PC1 का नाम दिया हुआ है। इसका पहली बार पता वर्ष 1994 में चला था। इसके आकार और हमारे ग्रह के अपेक्षाकृत निकट फ्लाईबाई के कारण इसे संभावित रूप से खतरनाक क्षुद्रग्रह के रूप में वर्गीकृत किया गया है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि जिस आकार का ये एस्‍ट्रायड है उस आकार के एस्‍ट्रायड लगभग हर 600,000 वर्षों में पृथ्वी से टकराता है। 

नासा के मुताबिक ये एस्‍ट्रायड आज शाम करीब 4:51 बजे धरती के बेहद करीब से गुजरेगा। बीते 200 वर्षों में ये इस एस्‍ट्रायड द्वारा सबसे कम दूरी होगी। इस तरह से ये क्षुद्रग्रह बीते 200 वर्षों में धरती के सबसे करीब से गुजरने वाला है। ये बेहद तेज गति से धरती के पास से गुजरेगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक ये एस्‍ट्रायड धरती से करीब 1.2 मिलियन मील (1.93 मिलियन किमी) या पृथ्वी-चंद्रमा की दूरी का लगभग 5.15 गुना से गुजरेगा। गौरतलब है कि इस एस्‍ट्रायड की खोज पहली बार 9 अगस्‍त 1994 को राबर्ट मैकनाट आस्ट्रेलिया में साइडिंग स्प्रिंग ऑब्जर्वेटरी में में की थी। ये विशाल एस्‍ट्रायड करीब 43,754 मील प्रति घंटे (19.56 किलोमीटर प्रति सेकंड) की गति से धरती के पास से गुजरेगा। इतनी दूरी से ये एक तारे के गुजरने के समान ही दिखाई देगा।