बिजली घर से निकाली गई शोभायात्रा, राम की धुन पर झूमे व्यापारी

आगरा। 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। उससे पहले ही आगरा में जगह-जगह राम नाम की धूम दिखाई दे रही है। गली गली, चौराहा और नुक्कड़ पर लोग अपने-अपने स्तर से शोभायात्रा निकाल कर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। अक्षत का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि वह 22 जनवरी के दिन को एक भव्य उत्सव के रूप में मनाएं। आगरा के बिजली घर मार्केट एसोसिएशन के व्यापारियों ने शुक्रवार को भगवान श्री राम की शोभायात्रा निकाली। यह शोभा यात्रा बिजली घर चैराहे से प्रारंभ हुई। 

शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज कराई। बिजली घर से शुरू हुई यह यात्रा नामनेर के हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। इससे पहले व्यापारियों ने यात्रा के दौरान जगह-जगह मिलने वाले लोगों को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन अपने घरों में दीपावली मनाने और भव्य उत्सव मनाने का निवेदन किया।

 श्री राम के गानों की धुन पर झूमते गाते तमाम लोग इस शोभा यात्रा में शामिल हुए, हर तरफ राम नाम का शोर सुनाई दे रहा था। बिजली घर मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि 500 साल बाद हमारे आराध्य प्रभु राम अपने मंदिर में विराजित हो रहे हैं। 22 जनवरी को जब उनकी प्राण प्रतिष्ठा होगी तो पूरा देश इस पल को एक विशाल उत्सव के रूप में मनाएगा। अयोध्या ही नहीं बल्कि आगरा और देश के हर कोने में यह उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।