सामाजिक समरसता लोकतंत्र की आत्मा: महापौर

-नगर निगम में महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया

सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने गणतंत्र दिवस पर नगर निगम में ध्वजारोहण किया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों व समाज के लोगों को गणतंत्र पर्व की बधाई दी। महापौर, नगरायुक्त व अन्य अधिकारियों ने निगम के रायवाला स्थित उपवन में भी ध्वजारोहण किया।

महापौर डॉ अजय कुमार ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का दिन कई दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान की शपथ लेते हुए संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने कहा था कि यदि समाज में सामाजिक समरसता नहीं होगी तो यह संविधान अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर बाबा साहब के मंतव्य को स्वीकारते हुए पिछड़े समाज के जननेता कर्पुरी ठाकुर को भारत रत्न देकर समाज में समता और समानता की दिशा में निरंतर बढ़ते रहने का अपना संकल्प दोहराया है। सामाजिक समरसता लोकतंत्र की आत्मा है। अपनी इन्हीं विशेषताओं के कारण आज हम दुनिया के सबसे बडे़ लोकतांत्रिक देश हैं।

नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने कहा कि अमृतकाल केवल आजादी के 75 वर्ष पूरे करने का नाम नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र की रीढ़ का आधार है। आज सहारनपुर नगर निगम की टीम दिल्ली में सम्मानित हो रही है ये हमारे लिए गर्व की बात है। सफाई मित्रों को सम्मान देते हुए उन्होंने कहा कि अल सुबह हमारी एक टीम शहर में काम करती और हमें सारे शहर की सड़कें साफ दिखायी देती है। लेकिन जब हम आजादी का जश्न मनाते है तो हम उन लोगों को भूल जाते हैं, जबकि जरुरत इस बात की है कि हम उन लोगों का भी ध्यान रखे जो समाज निर्माण में लगातार योगदान दे रहे है। 

उन्होंने कहा कि कोई भी परिवर्तन आता है तो वह नागरिकों से आता है, शहर नागरिकों से बनता है। कोई भी बदलाव धीरे धीरे आता है और वह बदलाव हम लाते हैं चूंकि हम समाज का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जो सही है उसके साथ खडे़ हों। हमारे भीतर जो गलत है उसके खिलाफ हम खडे़ हो और आने वाली पीढ़ी को सकारात्मक संदेश दें। उन्होंने कहा कि हम अह्म को दरकिनार कर काम करें।

गणतंत्र समारोह को अपर नगरायुक्त राजेश यादव, मुख्य अभियंता निर्माण बी के सिंह व पार्षद मसंूर बदर, पूर्व पार्षद मानसिंह जैन ने भी सम्बोधित किया। इकबाल मंसूरी ने देशभक्ति पर एक तराना पेश किया। समारोह में निगम के सभी अधिकारियों के अलावा पार्षद राजूसिंह, राजेंद्र कोहली, सुखबीर सिंह, सोपिन पाल, वीरसेन जैन, सुभाष सिंह, मयंक गर्ग, संजीव कर्णवाल, दीपक रहेजा, अहमद मलिक व पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दकी आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया।