घने कोहरे में थमी वाहनों की रफ्तार, सर्दी में हाथ की उंगलियां हुई सुन्न

उन्नाव। जिले में पिछले कई दिनों से सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह से लेकर रात तक पड़ रही कड़ाके की सर्दी व कोहरे ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। कोहरे की धुंध में जहां वाहन रेंगते हुये निकलने का मजबूर हैं वहीं ट्रेनों के पहियों में भी ब्रेक लग गया है कई घंटों तक विलंब से चल रही हैं। जिससे यात्री भी परेशान हैं। जनवरी माह का अंतिम सप्ताह चल रहा है। सर्दी ने अपना कड़ा रूख आगाज किया है। सुबह शाम भीषण कोहरा और सर्दी की गलन हो रही है। 

रात के आठ नौ बजते ही लोग घरों में दुबकने लगते हैं। पालिका की ओर से केवल कई स्थानों पर ही अलाव की व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा अन्य जगहो पर कोई भी अलाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है। जिससे प्रमुख चौराहों पर लोग कागज और कूड़ा इकट्टा कर जला कर ताप रहे हैं। रविवार बीती शाम होते ही इतना घना कोहरा छा गया। पास से निकलने वाले वाहन कई बार टकराते बच गए। वाहनों में हेड लाइट पीली पन्नी लगा रखी थी। 

जिससे दूसरा वाहन चालक दूर से रोशनी देख सके और दुर्घटना न हो सके। वहीं दोपहिया और चौपहिया वाहन रेंगते हुये निकलते हैं। विजिबिलिटी कम होने से घने कोहरे में कुछ दिखाई नही दिया। उन्नाव में अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 8 तक दर्ज किया गया। खुले आसमान के नीचे सैकड़ों मवेशी भीषण सर्दी में कपकपाते हुए देखे जा सकते हैं। 

बेजुवान कहा जाये, जहां अलाव की आंच देखी वहीं झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं। फिलहाल गौशालाओं में भी मवेशियों के लिए खास पर्याप्त इंतजाम नही है। हर रोज पारा नीचे ही गिरता जा रहा है। गलन कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस गलन में हाथ पैरों की उंगलियां सुन्न हो रही हैं। सुबह के वक्त वही लोग घरों से बाहर निकल रहे है जिन्हें बेहद जरूरी काम है।