आदित्य-एल 1ः भारत ने रचा एक और इतिहास, सूरज के एल1 प्वाइंट पर पहुंचा आदित्य यान

चेन्नई : चांद फतह करने के बाद भारत ने एक और इतिहास रच दिया है। सूर्य मिशन पर निकला भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का आदित्य एल-1 ने अपनी मंजिल लैग्रेंज प्वाइंट-1 (एल1) पर पहुंच कर एक कीर्तिमान हासिल किया है। आदित्य-एल 1 अंतिम कक्षा में स्थापित हो गया। आदित्य-एल 1 यहां करीब दो सालों तक रहेगा और सूर्य का अध्ययन करने के साथ महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसरो की सफलता पर खुशी जाहिर की है। 

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, भारत ने एक और मील का पत्थर हासिल किया। भारत की पहली सौर वेधशाला आदित्य-एल 1 अपने गंतव्य तक पहुंच गई। सबसे जटिल अंतरिक्ष मिशनों में से एक को साकार करने में हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। यह असाधारण उपलब्धि सराहना योग्य है। हम मानवता के लाभ के लिए विज्ञान की नई सीमाओं को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे।