राष्ट्रपति मुर्मू ने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को दी बधाई

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी और उनकी प्रगति की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। 

मेरी मंगल कामना है कि प्राकृतिक संसाधनों से संपूर्ण झारखंड राज्य सदा प्रगतिशील रहे और भगवान बिरसा का आशीर्वाद यहां के लोगों पर बना रहे। बता दें कि झारखंड राज्य के गठन को चिह्नित करने के लिए हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है और इसी दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती होती है। 

मुंडा को 19वीं सदी के अंत में ब्रिटिश भारत के शासन के खिलाफ उनके आंदोलन के लिए याद किया जाता है। आपको बता दें कि झारखंड अभ्रक, बॉक्साइट, कोयला, लौह अयस्क, तांबा अयस्क, यूरेनियम, चांदी, ग्रेफाइट, मैग्नेटाइट, ग्रेनाइट, चूना पत्थर और डोलोमाइट जैसे खनिज संसाधनों से समृद्ध है।

 यह एकमात्र राज्य है जो यूरेनियम, कुकिंग कोल और पाइराइट का उत्पादन करता है। झारखंड विभाजन से पहले बिहार के दक्षिणी आधे हिस्से का हिस्सा था। स्वतंत्रता आंदोलन से पहले से ही इस राज्य के आदिवासी अलग राज्य की कामना करते थे। साल 2000 में आज ही के दिन बिहार को विभाजित कर झारखंड राज्य की स्थापना की गई थी।