भारत जोड़ों न्याय यात्रा में किसानों तथा युवाओं को न्याय की है गारंटी- जयराम रमेश

लालगंज,प्रतापगढ़: भारत जोड़ों न्याय यात्रा के तहत सोमवार को सांगीपुर के गांधी इंटर कालेज में हुई प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ों यात्रा में राहुल गांधी का संघर्ष तथा देश की जनता के मौलिक अधिकारों की मजबूत आवाज आगामी लोकसभा चुनाव में इण्डिया गंठबंधन के लिए भी सकारात्मक होगी ।

 राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि पूरे देश में भारत जोड़ों न्याय यात्रा के सैतीसवें दिन यूपी में जिस तरह से राहुल गांधी के संघर्षो को जनता का समर्थन मिल रहा। उससे यह तय है कि तानाशाही के जरिये सच्चाई को दबाया नही जा सकता है। उन्होने कहा कि कांग्रेस की यह राहुल की न्याय यात्रा देश के किसानों को स्वामीनाथन रिपोर्ट के मुताबिक न्यनूतम समर्थन मूल्य के न्याय दिलाने की गारंटी की न्याय यात्रा है। उन्होने कहा कि बेरोजगारी और मंहगाई के साथ देश को कमजोर बनाने वाली ताकतों से संघर्ष भी इस न्याय यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। 

प्रेस वार्ता में मौजूद कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने भी भारत जोड़ों यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए इस न्याय यात्रा को राहुल गांधी के नेतृत्व में सफल यात्रा ठहराया गया। एक प्रश्न के उत्तर में अविनाश पाण्डेय ने कहा कि इण्डिया गठबंधन को लगातार मजबूती मिल रही है। उन्होने बताया कि एक दो दल जो हाल ही में इधर से उधर हुए है। 

उनके अलावा अभी भी छब्बीस दलो का गठबंधन में मजबूत जनाधार है। मीडिया के सवाल के जबाब में अविनाश पाण्डेय ने बताया कि यूपी में सपा से कांग्रेस की सीटो के ताल मेल को लेकर सकारात्मक वार्ता जारी है। उन्होने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी मिलकर यूपी में इण्डिया गठबंधन की कामयाबी में पूरी तरह सफल होगे। अविनाश पाण्डेय ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव यूपी में कही न कही राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होगे।

 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की न्याय यात्रा को पूरी सफलता मिल रही है। उन्होने कहा कि न्याय यात्रा को मिल रहे जनता के भारी समर्थन से पार्टी कार्यकर्ताओं का विश्वास संघर्ष में और मजबूत हुआ है। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा को भाजपा के अंहकार तथा एजिन्सियों के दुरूपयोग सहित बेरोजगारी तथा मंहगाई से त्रस्त देश के लेागों का भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का भी पैगाम साबित होगा।

 कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने राहुल गांधी की न्याय यात्रा को जनता के अधिकार की सुरक्षा के लिए एतिहासिक करार दिया। प्रेस वार्ता के दौरान राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी तथा कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र चौधरी, प्रदेश महासचिव मुकुन्द तिवारी व पार्टी जिलाध्यक्ष डाॅ0 लालजी त्रिपाठी, डाॅ0 नीरज त्रिपाठी भी मौजूद रहे ।