ज्ञान, कर्म और भक्ति की त्रिवेणी थी मां हीराबेन

मां के तप को सार्थक करना संतान का धर्म : स्वामी भारत भूषण

सहारनपुर। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आज मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान और नेशन बिल्डर्स एकेडमी द्वारा आयोजित स्मृति दिवस को संबोधित करते हुए योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने मां हीराबेन को ज्ञान, कर्म और भक्ति की त्रिवेणी बताते हुए कहा कि उस शतायु श्रमजीवी तपस्विनी की यह शक्ति थी कि दुनिया का सबसे लोकप्रिय महानायक सबसे महान लोकतंत्र का प्रधानमंत्री आशीर्वाद की शक्ति और मार्गदर्शन लेने के लिए उनके चरणों में जाता रहा। 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मां हीराबेन के बारे में हुई चर्चा को याद करते हुए बताया कि न दैन्यम न पलायनम्ष् को  आधार बनाते हुए स्वाभिमान और डट कर प्रबल पुरुषार्थ को अपने जीवन का आधार बनाया और आज मां का यही सूत्र नरेंद्रमोदी का जीवन सूत्र है। जो उन्होंने पूरे देश में घोलने की कोशिश की है। योग गुरु ने बच्चों और युवाओं को तपस्विनी मां हीराबेन के हवाले से प्रेरित किया कि वो अपने श्रमशील माता पिता पर गर्व करना सीखें जो कमजोर आर्थिक स्थिति  में भी बच्चे को मेरे राजा कहकर उसके लिए बुलंदी छूने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि मां के तप को हीराबेन जैसी पहचान दिलाने के लिए उन्हें मोदी जैसी पुरुषार्थी और निंदा स्तुति से ऊंचा उठकर जीने वाली संतान बनना होगा। 

ज्ञातव्य है कि मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान ने हीराबेन केके सम्मान में विगत वर्ष को मातृ शक्ति गरिमा वर्ष घोषित किया था। इस वर्ष में राजभवन, सैन्य प्रतिष्ठानों और शिक्षण संस्थानों में मोक्षायतन की महिला योगाचार्यों मंजू गुप्ता, अनीता शर्मा, ऋचा, सीमा गुप्ता, पूनम वर्मा, कंचन तेहरी , कंचन बोरा व आस्था वर्मा के नेतृत्व में योग प्रशिक्षण और संस्कार भिक्षा अभियान चलाए गए और देवी प्रत्यक्षा की ऑडियो का लोकार्पण पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने किया। 

संयोग ही कहें कि देवी प्रत्यक्ष की कला की सराहना में प्रधानमंत्री मोदी भी पत्र लिख चुके हैं। आदिशक्ति सम्मेलन का सफल संयोजन कर चुकी अनीता शर्मा ने हीराबेन की स्मृति को समर्पित मातृ शक्ति गरिमा वर्ष की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। मां हीराबेन की पुण्यतिथि पर गीता श्लोकों के साथ नेशन बिल्डर्स एकेडमी के बच्चों ने संस्थान साधकों के साथ प्रार्थना व शांति पाठ किया। श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्यत: अमरनाथ, मुकेश शर्मा, ललित रुहेला, विजय सुखीजा, सुरभि सेठी, मिथलेश शर्मा, अजय यादव, नारायण वर्मा, सोनाक्षी वर्मा, मोहित ढल्ला, यश राणा आदि मौजूद रहे।