62 हजार के नीचे आई सोने की कीमत, चांदी के भाव भी गिरे

नयी दिल्ली : सोने के वायदा भाव की आज शुरुआत तेजी के साथ हुई, जबकि चांदी के वायदा भाव की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। इस गिरावट के साथ चांदी के वायदा भाव 72 हजार रुपए से नीचे चले गए। सोने के वायदा भाव भी तेज शुरुआत के बाद फिसलकर 62 हजार रुपए के नीचे आ गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के वायदा भाव सपाट खुले, जबकि चांदी के वायदा भाव नरमी के साथ खुले।

 मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का बेंचमार्क फरवरी कॉन्ट्रैक्ट आज 39 रुपए की तेजी के साथ 62,054 रुपए के भाव पर खुला। हालांकि खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 60 रुपए की गिरावट के साथ 61,955 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 62,066 रुपए के भाव पर दिन का उच्च स्तर और 61,952 रुपए के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। पिछले साल दिसंबर महीने में सोने के वायदा भाव ने 64,063 रुपए के भाव पर सर्वोच्च स्तर छुआ था।