177 यात्रियों को लेकर उड़ रहे प्लेन का दरवाजा उखड़ा,16 हजार फीट की ऊंचाई पर प्रेशर घटा, ऑक्सीजन मास्क खुलेय पूरी फ्लीट की उड़ानें रद्द

कैलिफोर्निया : अमेरिका में अलास्का एयरलाइंस की बोइंग 737-9 मैक्स फ्लाइट के साथ शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते रह गया। पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो जा रहा प्लेन टेकऑफ के बाद जब 16.32 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तो विमान का दरवाजा टूटकर हवा में उड़ गया। यह प्लेन का इमरजेंसी एग्जिट डोर था। दरवाजा उखड़ने से बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट फट गई। 

वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए। हालांकि बच्चे की मां ने उसे प्लेन से बाहर गिरने से बचा लिया। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरलाइंस ने इस घटना के बाद बोइंग 737-9 के सभी विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। अलास्का एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर घटना की जानकारी दी है।

 जानकारी के मुताबिक विमान में 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। यह घटना शुक्रवार को स्थानीय समय के मुताबिक शाम को करीब 5 बजे हुई। नीचे दिए ग्राफिक से प्लेन के दरवाजे की लोकेशन समझ सकते हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, दरवाजे के अलग होते ही विमान के पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा कर दी थी। ऑडियो रिकॉर्डिंग्स में पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की बात कहते सुनाई देता है। पायलट ने कहा- अलास्का 1282 में इमरजेंसी है।

 हम पोर्टलैंड लौट रहे हैं। अब हम 12 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गए हैं। हमें डायवर्ट होने की जरूरत है। प्लेन में इमरजेंसी है और यहां 177 लोग मौजूद हैं। हम तुरंत लैंडिंग करना चाहते हैं।विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और पोर्टलैंड पहुंच चुके हैं। फिलहाल अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड मामले की जांच कर रहा है। 

प्लेन में सवार 20 साल की एलिजाबेथ ने बताया- विमान में बैठने पर आमतौर पर जो आवाज सुनाई देती है, उससे 10 गुना ज्यादा तेज आवाज आ रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे हमारे कान फट जाएंगे। एक अन्य पैसेंजर कायली रिंकर ने कहा- प्लेन में सन्नाटा छाया हुआ था। डर की वजह से कोई भी कुछ नहीं कह रहा था। प्लेन में गड़बड़ी होते ही ऑक्सीजन मास्क बाहर आ गए थे। कई लोगों ने इसका इस्तेमाल भी किया।