PKL 23: अमीर मोहम्मद जफरदानेश के शानदार प्रदर्शन के बलबूते यू मुंबा ने पटना को दी पटकनी, 42-40 से दी मात

PKL 23 के 43वें मैच में यू मुंबा ने 3 बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स को 42-40 के अंतर से हरा दिया। लगातार 2 मैच जीतने के बाद पटना की टीम अब लगातार दूसरा मैच भी हार गई है, इससे पहले पटना की टीम गुजरात फॉर्च्यून जायंट्स से हारी थी। इस हार के बाद पटना की टीम अंक तालिका में 7वें स्थान पर खिसक गई है और उसके कुल 11 अंक हो गए हैं, जबकि इतने ही अंकों के साथयू मुंबा 8वें स्थान पर पहुंच गई है।

अमीर मोहम्मद जफरदानेश के शानदार प्रदर्शन के बलबूते शुक्रवार को पुणे के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यू मुंबा ने पटना पाइरेट्स पर 42-40 से रोमांचक जीत दर्ज की। ईरानी रेडर ने 13 रेड पॉइंट हासिल किए और उन्हें विश्वनाथ वी का भरपूर समर्थन मिला, जिन्होंने मैच में 8 रेड पॉइंट बनाए। मैच के 33वें मिनट तक दोनों टीमें 35-35 की बराबरी पर चल रही थी। ऐसे में डिफेंडर सुरिंदर सिंह ने एक जबरदस्त सुपर टैकल किया और 35वें मिनट में यू मुंबा को 39-35 पर अच्छी बढ़त हासिल करने में मदद की। इसके तुरंत बाद विश्वनाथ ने भी शानदार रेड मारी जिससे मुंबई की टीम आगे बढ़ती रही। जफरदानेश ने खेल के अंत में एक और रेड प्वाइंट हासिल किया और मुंबई की जीत सुनिश्चित की। पटना पाइरेट्स के लिए सचिन ने सर्वाधिक 12 रेड पॉइंट हासिल किए।