मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को चुना टीम का नया कप्तान, CSK ने Rohit Sharma को दिया सम्मान

नई दिल्ली। शुक्रवार की शाम मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए काफी उदासी भरी रही। आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन से पहले टीम ने अपने नए कप्तान का ऐलान किया। ऐसे में हार्दिक के फैंस जहां काफी खुश थे तो रोहित के फैंस काफी उदास थे। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान चुना है। ऐसे में सोशल मीडिया पर शुक्रवार रात से ही मुंबई इंडियंस और कप्तान रोहित शर्मा ट्रेंड कर रहे हैं।

लोग रोहित को सम्मान दे रहे है। पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले कप्तान को लोग याद करते हुए अलग-अलग तरह के पोस्ट कर रहे हैं। ऐसे में एक पोस्ट है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। आईपीएल की पांच बार की चैंपियन एक और टीम चेन्नई सुपर किंग्स का रोहित के लिए मैसेज, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 2013 से 2023 तक एक शानदार चुनौती का दशक। बहुत सम्मान, रोहित। एक्स हैंडल पर अब तक इस पोस्ट को 1.3 मिलियन लोग देख चुके हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया के बाकी प्लेटफॉर्म पर भी इसे काफी पसंद किया गया है।

बता दें कि इससे पहले हार्दिक एक नई टीम के साथ जुड़े थे। 2022 में हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस के गठन से लेकर 2023 तक टीम को फाइनल में पहुंचाया था  और एक बार चैंपियन बनाया। हार्दिक ने अब अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में वापसी की है।