चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे मसीहा थे : एस आर वर्मा

ब्यूरो , सीतापुर। चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे मसीहा थे। किसानों से मिल कर उन्होंने उनकी समस्याओं का निदान किया। भारत की भूमि हमेशा से कृषि प्रधान रही है। देश के अन्नदाता किसानों के प्रति प्रेम ने चरण सिंह को इतना सम्मान दिया की इन्हें कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा। उनका जीवन सादगी पूर्ण तथा सिद्धांतवादी रहा। आजादी के बाद चरण सिंह ही ऐसे नेता थे जिन्होंने किसानों के जीवन को सुधारने के लिए जीवन पर्यन्त प्रयास किये।

 उक्त बातें चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर सीता ग्रुप आफ एजूकेशन के जूनियर वर्ग हिंदी मीडियम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उप प्रधानाचार्य एसआर वर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि हमें चौधरी चरण सिंह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बच्चों द्वारा भी उनके जीवन से जुड़े तमाम दृष्टांत सुनाए गए। देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। 

इस अवसर पर जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा रबी, खरीफ व जायद की फसल पहचानो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अनुशासन प्रमुख नीरज वर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनंत रत्नम, वरिष्ठ शिक्षक विजय वर्मा, मनोज कुशवाहा, मनीष वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।