रैली निकाल ग्रामीणों को विधिक साक्षरता के लिए किया जागरूक

सहारनपुर(छुटमलपुर)। विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार दिशा संगठन के अंतर्गत विकास खण्ड मुज़फ्फराबाद के सभाकक्ष मे विधिक साक्षरता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर लोकचंद बीडीओ ने ब्लॉक के  समस्त ग्राम विकास अधिकारी,सचिव,ग्राम प्रधान,आशा,बहु,किसान भाई आंगनवाड़ी,समूह सखी आदि को जानकारी देते हुए कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा संविधान है, जिसमें लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत आम जनता को व्यापक मौलिक अधिकार प्रदान कर सशक्त बनाया गया है। 

उन्होंने संविधान में प्रदत्त अधिकारों के प्रति जागरूक होकर वर्तमान परिस्थितियों में इन अधिकारों का सदुपयोग करने पर बल दिया। वहीं लोगों को त्वरित न्याय दिलाने तथा उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराते हुए बताया की जिसके तहत सम्पत्ति बंटवारा, घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव एवं अपराध, बाल संरक्षण,शिक्षा का अधिकार, निःशुल्क कानूनी सलाह, विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा निःशुल्क पैरवी हेतु अभिभाषक की सुविधा इत्यादि के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता पर बल देते हुए सामाजिक सौहार्द बनाये रखने के लिए सभी से आग्रह किया। 

अंत में लोकचंद बीडीओ की अध्यक्षता में ब्लॉक पर समस्त ग्राम विकास अधिकारी,सचिव,ग्राम प्रधान,आशा,बहु,किसान भाई आंगनवाड़ी,समूह सखी आदि के साथ रैली निकाली गयी। इस दौरान प्रमोद कुमार,जय सिंह,प्रवीन कुमार शर्मा,जमशेद अली,दानिश सिद्दीकी,संजय काम्बोज,राजवीर आदि ब्लॉक के समस्त स्टाफ मौजूद रहा।