मिल की लापरवाही से पानी में उतरा करंट मजदूर की मौत

कर्नलगंज, (गोण्डा)। स्थानीय तहसील व थाना कर्नलगंज क्षेत्र के अन्तर्गत मैजापुर मिल में गुरूवार को ईंट उतारने गये दिहाड़ी मजदूर की करंट के चपेट में आने से दर्दनाक की मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली कर्नलगंज के अन्तर्गत ग्राम परसा गोंड़री (मंगल पुरवा) निवासी राहुल शुक्ला पुत्र सदानन्द शुक्ला एक ईंट भट्ठे पर दिहाड़ी मजदूर था, जो गुरुवार को ईंट से लदी ट्राली के साथ मैजापुर मिल में ईंट उतारने गया था। 

बताया जाता है कि मिल के अन्दर ट्राली धंस गयी। इसके पश्चात वह ट्राली निकालने के प्रयास में नीचे उतरा। जहां करंट के चपेट में आने से उसकी हालत गंभीर हो गई। जिससे मिल के सुरक्षाकर्मियों ने उसको तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों द्वारा उसे जिला अस्पताल गोण्डा रेफर कर दिया गया। वहाँ पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया।