स्कूली बच्चों के साथ तिरंग झंडा लहराते दिखे योगी, किया हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत

लखनऊ। सीएम योगी ने आज आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 13-15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान की औपचारिक शुरुआत की। सीएम ने स्कूली बच्चों के हाथों में तिरंगा झंडा सौंपा। तिरंगा देते हुए मुख्यमंत्री ने बालक-बालिकाओं से उनका परिचय पूछा और आजादी के अमृत महोत्सव के मायने बताए। सीएम ने बच्चों की प्रभात फेरी को हरी झंडी भी दिखाई। बच्चों ने भी सीएम योगी के साथ भारत माता की जयकारा लगाया। इस मौके पर सीएम योगी की ओर से सभी बच्चों को उपहार भी दिए गए।

बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 13-15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया गया है। इसके तहत सभी सरकारी, निजी, वाणिज्यिक भवनों पर लोग राष्ट्रध्वज फहरा रहे हैं। अभियान के तहत प्रदेश में 4.5 करोड़ ध्वज फहराये जाने का अनुमान है। आज से 14 और 15 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। 

यूपी सरकार का प्रयास है कि राष्ट्र गौरव के इस पर्व में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी हो। प्रदेश की योगी सरकार ने सर्वाधिक आबादी वाले राज्य की जिम्मेदारी को समझते हुए साढ़े चार करोड़ आवासीय, गैर आवासीय भवन, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालय, संस्थाओं आदि के भवनों पर फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जन-जन तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने के लिए सरकार ने इनकी खरीद की व्यवस्था भी तय कर दी है। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए शासन ने 40 करोड़ का बजट जारी किया गया है। 

इसमें 30 करोड़ रुपये पंचायती राज विभाग, जबकि दस करोड़ रुपये नगर विकास विभाग खर्च करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर देशभर में इस बार 11 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया है। हर घर तिरंगा अभियान का असर भी देखने को मिल रहा है। लोग खुद ही अपने घरों की छत पर तिरंगा फहरा रहे हैं। प्रदेश के अधिकतर जिलों में लोगों ने 10 अगस्त से ही अपने घरों की छत पर तघ्रिंगा फहराना शुरु कर दिया था। हर घर तिरंगा अभियान में अच्छा प्रदर्शन करने वाले जिलों को 17 अगस्त को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा।