मणिपुर हिंसा शर्मनाक, दुष्कर्म के लिए होनी चाहिए मौत की सजा, भाजपा नेता शांता कुमार

शिमला : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मणिपुर की हिंसा को शर्मनाक बताते हुए भाजपा के दिग्गज नेता शांता कुमार ने कहा है कि पूर्वोत्तर राज्य तथा देश के अन्य हिस्सों में महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाओं को मृत्यदंड की सजा के जरिए रोका जाना चाहिए। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री कुमार ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट में कहा है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मणिपुर तथा अन्य राज्यों में घटित होने वाली इस तरह की घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। 

उन्होंने कहा, “पिछले तीन वर्षों में देश में 13 लाख बालिकाएं और महिलाएं लापता हुई है, जो और अधिक शर्मनाक है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में इस तरह की घटनाओं पर विचार भी नहीं किया जाना सबसे अधिक शर्मनाक है। पूरा देश आंसू बहा रहा है, नेता लड़ रहे हैं। वोट की रोंटियां सेंक रहे हैं। प्रभु सबको सदबुद्धि दें। भारत का लोकतंत्र इतना गिर जाएगा, कभी सोचा न था। 

यह कैसा अमृत महोत्व मनाया जा रहा है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों के सांसदों से आग्रह किया कि पार्टी लाइन से ऊपर उठे और इस मुद्दे पर गंभीर एवं विस्तृत चर्चा करें। उन्होंने हाल में मणिपुर में घटित हुईं घटनाओं को देश के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध को कठोर सजा के जरिए रोका जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया है कि इस तरह की घटनाओं को फास्ट ट्रैक कोर्ट में तीन महीने के सुनवाई पूरी होनी चाहिए और देश में दुष्कर्म के लिए मृत्यदंड का प्रावधान होना चाहिए।