सहारनपुर। केमिकल युक्त नाले का गंदा पानी इंद्रप्रस्थ कालोनी में भर गया है, जिसके कारण लोगों में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ने लगा है। रविवार को वहा के क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। चेतावनी दी कि यदि जल्दी ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वो लोग नगर निगम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
कालोनी के क्षेत्रवासी राजेश अग्रवाल ने कहा कि मनोहरपुर दिल्ली रोड़ में इंडस्ट्रियल हब है। उसका समस्त अपशिष्ट नाले के माध्यम से निकाला जाता है और जिस नाले से यह अपशिष्ट बहाया जाता है। वह नाला दुर्गा आश्रम से होते हुए इंद्रप्रस्थ कालोनी के अंदर से खुले रूप में बह रहा है। जिस कारण कालोनी में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कालोनी के मनमोहन शर्मा ने कहा कि कालोनी वासियों ने कमिश्नर को भी इस संबध में एक शिकायती पत्र सौपा था। जिसमें मांग की गई थी कि कालोनी के रास्ते व अंदर भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से नाले की निकासी कराई जाए। जिस पर कमिश्नर द्वारा क्षेत्रवासियों को आश्वासन भी दिया गया था। उसके बावजूद भी आज तक इस मामले में कोई कार्यवाही नही की गई।
नगरायुक्त को भी कॉलोनी वासियों ने अपनी समस्या से अवगत कराया उसके वाबजूद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया, जिससे क्षेत्रवासियों मे नगर निगम के खिलाफ काफी रोष व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों में संजीव वत्स,सचिन गोयल, सोनू, ललित कुमार, अमित मित्तल, दीपक, पूनम देवी, मीनाक्षी, रीना, बबीता, शीना, शालिनी, नीलम, रेखा, अमिता आदि अनेक क्षेत्रवासी भारी संख्या में मौजूद रहे।