यूपी की 80 सीटों पर खिलेगा कमल: जितेंद्र सिंह

लखनऊ। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि उनकी पार्टी अगले आम चुनाव में समाजवादी पार्टी  का गढ़ मानी जाने वाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगी । इस सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सांसद हैं और यह यादव परिवार का गढ़ माना जाता है। इस सीट पर आज तक भाजपा जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

 2014 में जब पूरे देश में मोदी लहर थी तब भी इस सीट पर उनका जादू नहीं चला था। केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने मैनपुरी में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया, हम यानि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट जीतने जा रहे हैं और हमारा लक्ष्य उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करना है। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या भाजपा 2024 के आम चुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट जीतेगी । 

केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्याणकारी योजनाएं बिना किसी वोट बैंक की सोच के साथ जरूरतमंदों तक पहुंची हैं। केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में लाभार्थियों व पीआरआई, डीडीसी, बीडीसी और नगर परिषद के अध्यक्ष व सदस्यों के साथ बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गरीब हितैषी व जनकल्याणकारी योजनाओं में हर एक को इस तरह से बनाया गया है। यह जाति, पंथ, धर्म या किसी भी वोट बैंक की परवाह किए बिना आखिरी कतार के सबसे जरूरतमंद या अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।