मथुरा। चातुर्मास के दौरान गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में चल रहे विशेष अनुष्ठान व पार्थिव शिवलिंग के पूजन और अभिषेक में आज त्रिपुरा सरकार के कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद पाल ने रुद्राभिषेक किया और गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ से आशीर्वाद लिया। त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद पाल कल देर शाम ही शंकराचार्य आश्रम गये थे और वहीं रात्रि प्रवास किया। भोर में सर्वप्रथम उन्होंने श्रीआद्य शंकराचार्य भगवान की चरण पादुका का पूजन किया।
फिर गोवर्धन पुरी पीठ के ब्राह्मलीन शंकराचार्य स्वामी श्री निरंजनदेवतीर्थ जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर वर्तमान पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।इसके बाद यज्ञशाला में जाकर त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्री ने चातुर्मास व्रत के अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान वहां नियमित बन रहे पार्थिव शिवलिंग का उन्होंने विधि विधान से पूजन कर रुद्राभिषेक किया।
पूजन के बाद उन्होंने कहा कि चातुर्मास में गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में जगद्गुरु देवतीर्थ के सानिध्य में चल रहे वैदिक अनुष्ठान से लोगों को इस समय बड़ा ही आध्यात्मिक बल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ये अनुष्ठान मन को शांति और आध्यात्मिक चेतना प्रदान करते हैं।शंकराचार्य आश्रम में आज असम की प्रख्यात अभिनेत्री सामंतिका शर्मा, नोएडा के सिविल जज अवधेश कुमार दिवाकर, अवकाशप्राप्त जनपद न्यायाधीश रमेश चंद्र दिवाकर, उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता दावेश दिवाकर, श्रीमती गायत्री देवी और पिंटू चौधरी समेत कई अन्य श्रद्धालुओं ने भी शंकराचार्य आश्रम पहुंचकर चातुर्मास के अनुष्ठान में भाग लिया।गौरतलब है कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज इस समय गोवर्धन स्थित आश्रम में चातुर्मास व्रत का विशेष अनुष्ठान सम्पन्न कर रहे हैं। अनुष्ठान में भारी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं।