व्यापारी के घर लाखों की चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर

अलीगढ़। कोल में एक व्यापारी के घर चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर नकदी, जेवरात और दोनाली बंदूक ले गए। परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर बहन के घर राखी बंधवाने गए थे। शुक्रवार को वापस आने पर घटना की जानकारी हुई। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच में जुट गई है।

 थाना क्वार्सी की साक्षी विहार के रहने वाले हरिओम शर्मा का अपना व्यापार है। वह गुरुवार को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर अपनी बहन के यहां राखी बंधवाने शहर से बाहर गए थे। इसी बीच रात में किसी समय उनके घर में चोर ताला तोड़कर घुस गए। चोर घर में रखे करीब 4 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और दोनाली लाइसेंसी बंदूक चोरी कर फरार हो गए। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें शातिर चोर ताड़ा तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि यह कॉलोनी अभी विकसित हो रही है। शुक्रवार रात जब हरिओम वापस आए तो घर के ताले टूटे पड़े थे। 

घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जेवरात, नकदी और बंदूक गायब देखकर दंग रह गए। घटना की जानकारी पाकर इंस्पेक्टर क्वार्सी संजय जायसवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि कि घर से बंदूक और जेवरात चोरी होने की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द घटना का खुलासा किया जाए।