बस-ट्रेलर की टक्कर में 29 घायल, बिहार से आ रही थी डबल डेकर बस, एक की मौत

लखनऊ। लखनऊ में सुल्तानपुर रोड पर शनिवार सुबह बिहार से आ रही डबल डेकर बस की ट्रेलर से टक्कर हो गई। ट्रेलर में सरिया लदी थी। बस में बैठे 29 यात्री घायल हो गए। एक की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। चार की हालत गंभीर बनी हुई है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर रोड स्थित सूर्या होटल के पास हादसा हुआ। माना जा रहा कि चालक को नींद आने से हादसा हुआ है। जब टेलर धर्म काटा से से बैक हो रहा था। मधुबनी बिहार के वाहिद की मौत हुई है। 

घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है। हादसे में अधिकतर बिहार के मजदूर थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रेलर को क्रेन की मदद से चौकी भिजवाया गया। उसमें सरिया लदी थी। बस को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार मुजफ्फरपुर रसरा निवासी महेश के मुताबिक रात को सब सो रहे थे। अचानक तेज धमाके के साथ नींद खुली। सभी चीख रहे थे। मेरी नाक से खून बह रहा था। 

बस से उतर कर देखा तो बस ट्रेलर में पीछे से टकरा गई थी। दुर्घटना में लगभग बस में सवार सभी लोगों को चोट आई थी। चालक, हेल्पर और एक अन्य गंभीर रूप से घायल था। बस में सवार सुलेखा और उसके मुन्ना के मुताबिक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ। यदि सही से देखकर गाड़ी चलाता तो हादसा नहीं होता। चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि बस और ट्रेलर की टक्कर से उसमें सवार करीब तीन दर्जन लोगों लोहिया अस्पताल ले जाया गया था। 

जहां चालक समेत तीन लोगों को गंभीर हालत होने के चलते भर्ती कर लिया गया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बस नंबर एचआर 69 डी 9956 के मालिक के विषय में जानकारी की जा रही है। चालक और परिचालक के होश में आने पर पूछताछ की जाएगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना ग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से रास्ते से हटाकर पुलिस चौकी लाया गया है। अभी तक किसी घायल ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।