स्मार्ट सिटी एवं स्वच्छ भारत अभियान में व्यापार मण्डल चलायेगा ‘ग्रीन सहारनपुर-क्लीन सहारनपुर’ का अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष बैठक का आयोजन

सहारनपुर। पर्यावरण संरक्षण से सम्बन्धित महत्वपूर्ण तिथियों में प्रत्येक 5 जून को मनाये जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई की पर्यावरण समिति के तत्वावधन में स्थानीय माल गोदाम रोड पर व्यापार मण्डल के कार्यालय में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा व जिला कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल व्यापार मण्डल जिला पर्यावरण समिति के संयोजक मेजर एस.के.सूरी ने संयुक्त रूप से कहा कि कहा कि प्रदूषित पर्यावरण को कम करने व निरंतर वनों के कटान को रोकने के लिए जनजागरण अभियान चलाने की नितांत आवश्यकता है साथ ही पर्यावरण प्रदूषण कम करने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाना चाहिए क्योंकि वृक्ष वातावरण के सच्चे मित्र हैं। श्री टण्डन ने कहा कि प्रकृति द्वारा मानव को दी गयी प्राकृतिक व अनमोल सम्पत्ति हमारे वन और जंगल हैं, जो लगातार कम होते जा रहे हैं। यही स्थिति रही तो धरती पर जीवन सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला व्यापार मण्डल द्वारा प्रदूषित पर्यावरण को कम करने के सम्बन्ध में पिछले अनेक वर्षों से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। श्री टण्डन ने कहा कि अब जबकि सहारनपुर को स्मार्ट सिटी में शामिल किया जा चुका है। 

श्री टण्डन ने कहा कि पर्यावरण की शुद्धि के लिए यज्ञ आदि भी समय-समय पर करने चाहिए। आज के वैज्ञानिक युग में प्रदूषण की रोकथाम के लिए जहां निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं लेकिन इन सबसे अलग हटकर वैचारिक प्रदूषण से ग्रस्त बेहद चिंता का विषय है। हमें अपने मनों से भी वैचारिक प्रदूषण को भी दूर करना होगा। बैठक में उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा पर्यावरण हित में पौधे लगाने के लिए व जनजागरण अभियान चलाने की शपथ भी ली गयी। 

बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल,मेजर एस.के.सूरी, गुलशन नागपाल, अनिल गर्ग, पवन गोयल, कर्नल संजय मिडढा, संदीप सिंघल, रमेश डाबर, बलदेव राज खुंगर, प्रदीप सिंघल, ओ.पी. अरोडा, संजीव सचदेवा, अभिषेक भाटिया, अशोक मलिक आदि व्यापारी प्रतिनिधि शामिल रहे।