मोबिल रिफाइनरी प्लांट में कंटेनर ब्लास्ट होने से दो कर्मचारियों की हुई मौत

देवघर : देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव अवस्थित एक मोबिल रिफाइनरी प्लांट में गुरुवार को एक कंटेनर ब्लास्ट हो जाने से चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौत घटनास्थल पर ही गई जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल कर्मियों का इलाज सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा है। मृतकों में सीमावर्ती बिहार प्रांत के बांका जिले के सिधुम बाराहाट निवासी देवेंद्र चौहान व बौंसी थाना क्षेत्र के गोखला गांव निवासी भवेश चौधरी शामिल हैं। वहीं घायलों में मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के सहिलाबनी निवासी 35 वर्षीय मिंटू सिंह व बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के ढाका मोड़ निवासी 18 वर्षीय कुंदन कुमार शामिल हैं। 

जानकारी के अनुसार आमगाछी में किसी कंपनी का मोबिल रिफाइनरी प्लांट है। वहां जले हुए मोबिल को रिफाइन कर विभिन्न जगहों पर सप्लाई की जाती है। रोज की तरह गुरुवार को भी प्लांट पर काम चल रहा था। उसी दौरान एक मोबिल से भरे कंटेनर को बिहार के बांका जिले के बौंसी भेजने की तैयारी की जा रही थी। 

कंटेनर को क्रेन से उठा कर लॉरी पर लोड करना था। उसी क्रम में वहां पर वेल्डिंग का काम कर रहे लोगों द्वारा कंटेनर का नोजल काटा जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की वजह से किसी तरह कंटेनर में गैस भर गई और वह ब्लास्ट कर गया। हादसे में चारों कर्मचारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद कंपनी अन्य कर्मी सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। साथ ही मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। 

सूचना मिलने के बाद रिखिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। इधर सदर अस्पताल पहुंचने के बाद ऑनड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर भवेश चौधरी को मृत घोषित कर दिया। भवेश कंपनी में सुपरवाइजर था जबकि अन्य तीनों घायलों को बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। उसी क्रम में इलाज के दौरान देवेंद्र चौहान की भी मौत हो गई। सूचना पर एसपी धनंजय कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। एसडीओ दिनेश कुमार यादव भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आमगाछी में छोटी टार व रोड निर्माण की फैक्ट्री में ट्रांसपोर्टेशन के क्रम में चिंगारी से हादसा हुआ है। फैक्ट्री के मालिक की जानकारी नहीं मिली है। मालिक सहित सभी लोग फरार हैं। पूरी पड़ताल करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देवघर के एसपी धनंजय कुमार सिंह ने कहा, 'केमिकल फैक्ट्री में लापरवाही की वजह से घटना की आशंका है। घटनास्थल पर ही एक की मौत हो गयी, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों में एक की हालत बेहद चिंताजनक थी। एंबुलेंस सभी को सदर अस्पताल भेजा गया। एहतियात के तौर पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मंगायी गयी थी। मामले की जांच के लिए एसडीओ भी पहुंचे हैं। मोबिल से कुछ बनाने की बात सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच चल रही है।'