भारत दौरे पर आने वाले हैं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 6 दिसंबर को भारत दौरे पर आने वाले हैं। व्लादिमीर पुतिन पीएम नरेंद्र मोदी के साथ नई दिल्ली में होने वाले 21वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने दी है।

पुतिन के दौरे को लेकर अधिक जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि 2+2 संवाद की पहली बैठक भारत और रूस के विदेश और रक्षा मंत्री के बीच 6 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डाक्टर एस जयशंकर भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व करेंगे। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू भी 5 से 6 दिसंबर को भारत दौरे पर रहेंगे।

व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे की जानकारी रूसी दूतावास ने भी दी है। दूतावास ने कहा कि पुतिन 6 दिसंबर, 2021 को भारत का दौरा करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के संबंधों और विकास पर चर्चा करने की योजना है। इस दौरान पुतिन और पीएम मोदी दोनों ही शीर्ष नेता जी 20, ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन के भीतर संयुक्त कार्य सहित अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर सामयिक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यात्रा से पहले रक्षा मंत्रालय ने पिछले दिनों रूस के साथ 5,000 करोड़ रुपये के एके-203 असाल्ट राइफल के निर्माण के सौदे को मंजूरी दे दी है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि इस सौदे पर पुतिन की यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किया जा सकता है। पिछले दिनों रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) की बैठक में इसे मंजूरी दी गई है। इस सौदे के तहत 7.5 लाख रूसी असाल्ट राइफल एके-203 का निर्माण अमेठी की फैक्ट्री में किया जाएगा।