कंटेनमेंट जोन पर निगरानी से ही रुकेगा कोरोना फैलावः नगरायुक्त

 

-नगर निगम ने 73 कंटेनमेंट जोन में कराया सैनेटाइजेशन

-रोस्टर के अनुसार वार्डाे में करायी गयी फागिंग

सहारनपुर। कोरोना के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम द्वारा शनिवार को महानगर के अनेक वार्डाे में 73 कंटेनमेंट एवं आंशिक कंटेनमेंट जोन में सैनेटाइजेशन कराने के अलावा शिवपुरी, नुमाईश कैंप, हकीकत नगर व कलसिया रोड स्थित जैन शमशान के अलावा कचहरी, कलक्ट्रेट, विकास भवन सहित अनेक सरकारी इमारतों तथा प्रमुख बाजारों और मंडी समिति को भी सैनेटाइज कराया गया। रोस्टर के अनुसार सात वार्डाे में सैनेटाइजेशन और नौ वार्डाे में फाॅगिंग अभियान भी चलाया गया।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम ने अनेक वार्डाे के सभी 73 कंटेनमेट एवं आंशिक कंटेनमेंट जोन को सैनेटाइज किया। नगरायुक्त ने सफाई निरीक्षकों एवं सफाई नायकों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना फैलाव को रोकने के लिए महानगर के सभी कंटेनमेंट जोन पर विशेष निगरानी रखते हुए सफाई, चूना, मेलाथियान छिड़काव व सैनेटाइजेशन युद्ध स्तर पर किया जाए। इसमें बिल्कुल भी लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जरा सी चूक से कोरोना संक्रमण को और बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट जोन व आंशिक कंटेनमेंट जोन के अलावा प्रमुख बाजारों, सरकारी इमारतों और शमशानों को हर रोज सैनेटाइज कराया जा रहा है। शनिवार को वार्ड 16 नवीननगर, वार्ड 01 मौज्जमपुरा, वार्ड 39 नाजिरपुरा, वार्ड 19 गोपालनगर, वार्ड 31 मानकमऊ दक्षिण, वार्ड 20 जनकपुरी तथा वार्ड 47 खालापार को सैनेटाइज कराया गया है। जबकि वार्ड 52 किला नवाबगंज, वार्ड 54 नूरबस्ती, वार्ड 55 चंद्रनगर, वार्ड 56 खत्ताखेड़ी हयात काॅलोनी, वार्ड 57 सराय मरदान अली, वार्ड 48 आवास विकास, वार्ड 58 दीनानाथ, वार्ड 59 मटियामहल व वार्ड 60 हयात काॅलोनी में रोस्टर के अनुसार फाॅगिंग अभियान चलाया गया है।